नदुआर में कांग्रेस उम्मीदवार सुनील छेत्री पर हमले का दावा झूठा और मनगढ़ंत: गोरखा संगठन
शोणितपुर (असम), 01 अप्रैल (हि.स.)। नदुआर में कांग्रेस उम्मीदवार सुनील छेत्री पर कथित हमले की घटना को गोरखा संगठनों ने झूठा और मनगढ़ंत करार दिया है। घटनाक्रम के बाद गोरखा समाज में उत्पन्न प्रतिक्रिया के बीच संगठनों के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
लखीमपुर जिले के अखिल असम गोरखा छात्र संघ और गोरखा सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल नदुआर पहुंचा और मामले की पड़ताल की। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों, विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों से बातचीत की तथा कथित घटना स्थल का भी निरीक्षण किया।
लखीमपुर जिला गोरखा सम्मेलन के मुख्य सलाहकार विष्णु दहाल और गोरखा छात्र संघ (राजगढ़ क्षेत्रीय इकाई) के अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सुनील छेत्री पर हमले का आरोप “निराधार और सुनियोजित नाटक” है।
प्रतिनिधिमंडल ने जामुगुरीहाट में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में अपनी जांच के निष्कर्ष साझा किए। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की तथा राज्यभर के गोरखा समाज से अपील की कि वे तथ्यों की पूरी जानकारी के बिना कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं करें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

