अलीपुरद्वार डीआरएम ने किया विंडो ट्रेलिंग का निरीक्षण
कोकराझार (असम), 27 अगस्त (हि.स.)। अलीपुरद्वार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) देवेंद्र सिंह ने अलीपुरद्वार जंक्शन से सालाकाटी स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एस. कामेई सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेल पटरियों, पुलों, ओवरहेड इंस्टॉलेशन, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा विभिन्न सुरक्षा परिसंपत्तियों का जायजा लिया। उन्होंने रेल परिचालन की सुरक्षा और आधारभूत संरचनाओं के रखरखाव से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा, देवेंद्र सिंह ने सालाकाटी स्थित एनटीपीसी संयंत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर डिपॉजिट वर्क्स से संबंधित कार्यों की प्रगति एवं विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
निरीक्षण का उद्देश्य रेल संरचना, सुरक्षा व्यवस्था तथा संबंधित परियोजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा कर परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

