एसटी दर्जे की मांग को लेकर आक्रासू का अटल बिहारी वाजपेयी भवन के सामने प्रदर्शन
गुवाहाटी, 02 मार्च, (हि.स.)। आल कोच राजवंशी स्टूडेंट यूनियन (आक्रासू) ने सोमवार को कोच राजबंशी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
काफी संख्या में संगठन के सदस्य पार्टी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए एसटी दर्जे के नाम पर बार-बार किए जा रहे वादों पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने बाद में पार्टी नेतृत्व को एक ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि जब तक ठोस कार्रवाई सुनिश्चित न हो, तब तक आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में एसटी दर्जे को लेकर कोई नया वादा शामिल न किया जाए।
छात्र संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रत्येक चुनाव से पहले कोच राजबंशी समुदाय को जनजातीय मान्यता देने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने राजनीतिक दलों से आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में “झूठे वादे” करने से परहेज करने की मांग की।
संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि लंबे समय से जनजातीय मान्यता की प्रतीक्षा कर रहा कोच राजबंशी समुदाय यदि इस मुद्दे को केवल चुनावी वादे के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा, तो आगामी विधानसभा चुनाव में इसका निर्णायक जवाब देगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

