इटानगर में भाजपा की जन आक्रोश महिला पदयात्रा आयोजित
इटानगर, 23 अप्रैल(हि.स.)। लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक के खारिज
होने के विरोध में आज अरुणाचल प्रेदश की राजधानी इटानगर में एक जन आक्रोश
महिला पदयात्रा का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया।
यह रैली भारतीय जनता पार्टी महिला एवं अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा आयोजित की गई
थी। महिला आरक्षण विधेयक को खारिज करने और उसके खिलाफ मतदान करने वाली कांग्रेस
पार्टी और उसके गठबंधन के खिलाफ नारे लिखे बैनर और पोस्टर लिए सैकड़ों समर्थक आईजी पार्क स्थित टेनिस कोर्ट से शुरू होकर मोपिन ग्राउंड में रैली समाप्त हुईं।
जन आक्रोश महिला पदयात्रा को सभा को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रदेश भारतीय
जनता पार्टी के अध्यक्ष कालिंग मोयांग ने कहा कि हमें महिला आरक्षण विधेयक के
पारित होने की उम्मीद थी, ताकि हम महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक शक्ति
सहित राजनीतिक शक्ति दे सकें, लेकिन विपक्षी दलों द्वारा इसे खारिज किए जाने के कारण हम
महिलाओं को राजनीतिक शक्ति, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और शासन में समान अवसर देने में विफल
रहे। लेकिन हम यहीं नहीं रुकेंगे, हम महिलाओं के कल्याण के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
इटानगर नगर निगम की महापौर लिखा नारी तादर ने कहा कि विधेयक की अस्वीकृति से
देशभर की महिलाओं को प्रतिनिधित्व के उनके उचित अधिकार से वंचित किया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे कृत्यों को भुलाया नहीं जाएगा और आज महिलाएं
सशक्त, जागरूक और लोकतांत्रिक माध्यमों से अन्याय के खिलाफ आवाज
उठाने में सक्षम हैं, इसलिए हम न्याय मिलने तक लड़ेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

