home page

नामांकन वापसी के अंतिम दिन तक चलेगा अखिल गोगोई की गठबंधन की राजनीति का ‘नाटक’: डॉ. हिमंत

 | 
नामांकन वापसी के अंतिम दिन तक चलेगा अखिल गोगोई की गठबंधन की राजनीति का ‘नाटक’: डॉ. हिमंत


गुवाहाटी, 06 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि अखिल गोगोई को लेकर गठबंधन की राजनीति का “नाटक” नामांकन पत्र वापसी के अंतिम दिन तक चलता रहेगा। उन्होंने राजनीतिक दलों को सलाह दी कि गठबंधन के मुद्दे पर अखिल गोगोई पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

नहरकटिया में आज एक कार्यक्रम में शामिल होने से पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल गोगोई बार-बार गठबंधन को लेकर अपना रुख बदल रहे हैं और यह पूरी प्रक्रिया आखिरी समय तक अनिश्चितता बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि शिवसागर विधानसभा सीट को लेकर अभी तक भाजपा में अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इस सीट पर भाजपा या उसकी सहयोगी असम गण परिषद में से कौन चुनाव लड़ेगा, इस पर अभी चर्चा जारी है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर विचार-विमर्श के बाद ही इस संबंध में अंतिम फैसला लिया जाएगा। शिवसागर सीट को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां से अखिल गोगोई वर्तमान में विधायक हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश