home page

कांग्रेस की मित्रता से बाहर हुए अखिल गोगोई

 | 
कांग्रेस की मित्रता से बाहर हुए अखिल गोगोई


गुवाहाटी, 06 मार्च (हि.स.)। असम की राजनीति में विपक्षी दलों के बीच प्रस्तावित गठबंधन को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है। राइजर दल के अध्यक्ष और शिवसागर से विधायक अखिल गोगोई को गठबंधन वार्ता से बाहर कर दिया गया है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, लाेकसभा में कांग्रेस सांसद नेता गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन ने अखिल गोगोई को मौजूदा बातचीत से अलग रखने का निर्णय लिया है।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस आज असम जातीय परिषद (एजेपी) के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई, हिल स्टेट डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जाॅन इंग्ती काथार तथा आंचलिक गण मोर्चा के नेता मनोरंजन तालुकदार के साथ बैठक करेगी। इस बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संभावित गठबंधन और रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि, अखिल गोगोई पिछले कुछ समय से विपक्षी एकता की जोरदार वकालत करते हुए कांग्रेस से गठबंधन करने की अपील कर रहे थे। हालांकि, ताजा घटनाक्रम से साफ संकेत मिल रहा है कि सीट बंटवारे और रणनीति को लेकर विपक्षी दलों के बीच मतभेद उभरकर सामने आ रहे हैं।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश