नगांव उपचुनाव में कांग्रेस की फजीहत पर अखिल गोगोई ने गौरव गोगोई से मांगा इस्तीफा
गुवाहाटी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस की हुई फजीहत के बाद राइजर दल के अध्यक्ष एवं शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस को असम के इतिहास की सबसे दुखद चुनावी पराजयों में से एक का सामना करना पड़ा है।
ज्ञात हो कि राइजर दल कांग्रेस पार्टी नेतृत्वाधीन इंडी गठबंधन का हिस्सा थी, लेकिन हाल ही में कुछ आपसी राजनीतिक बयानबाजी के बाद कांग्रेस पार्टी ने राइजर दल को इंडी गठबंधन से बाहर का रास्त दिखा दिया था, जिससे खार खाए अखिल गोगोई लगातार गौरव गोगोई और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं धुबड़ी के सांसद रकीबुल हुसैन पर जमकर बयानबाजी कर रहे हैं।
अखिल गोगोई ने कहा कि नगांव उपचुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गौरव गोगोई को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस हार के बाद गौरव गोगोई के पास प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं रह गया है।
नगांव लोकसभा उपचुनाव के नतीजों को लेकर अखिल गोगोई की इस टिप्पणी से असम में कांग्रेस के नेतृत्व और चुनावी रणनीति को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि नगांव उपचुनाव की मतगणना के रुझानों में भाजपा के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने निर्णायक बढ़त बनाई, जबकि एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल दूसरे और कांग्रेस उम्मीदवार शिवमणि बोरा तीसरे स्थान पर हैं। मतगणना का अंतिम परिणाम आना अभी बाकी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

