कांग्रेस से गठबंधन की पुनः अपील, पार्टी के भीतर ही घिरे अखिल गोगोई
गुवाहाटी, 05 मार्च (हि.स.)। राइजर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने शिवसागर विधानसभा सीट को जीतने के लिए एक बार फिर कांग्रेस से गठबंधन की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह विपक्षी दलों के बीच समझौता होना जरूरी है, तभी इस सीट पर जीत संभव हो पाएगी।
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है और शनिवार तक इसके लिए फिर से जवाब की प्रतीक्षा की जाएगी। बताया जा रहा है कि बिना गठबंधन के मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति में अखिल गोगोई के लिए स्थिति कठिन बनी हुई है।
इस बीच इस मुद्दे को लेकर राइजर दल के भीतर ही असंतोष सामने आया है। राइजर दल के कार्यकारी अध्यक्ष कबिंद्र चेतिया फूकन ने अखिल गोगोई पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी को “खुला बाजार” बना दिया है।
फूकन ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के जरिए टिकट मांगने वालों को अखिल गोगोई ने काजीरंगा आर्किड पार्क में बुलाया था, जिसके लिए पार्टी की निंदा हो रही है।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अहोम बहुल शिवसागर सीट पर ज्ञानाश्री बोरा को उम्मीदवार बनाकर अहोम समुदाय का अपमान किया गया है। पार्टी के भीतर उठे इन सवालों से राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

