अखिल भारतीय प्रचार एवं अभिलेखागार बैठक 8-9 अगस्त को नोएडा में, पूर्वोत्तर क्षेत्र के कार्यकर्ता करेंगे सहभागिता
गुवाहाटी, 06 अगस्त (हि.स.)। विद्या भारती की दो दिवसीय अखिल भारतीय प्रचार एवं अभिलेखागार बैठक का आयोजन 8 एवं 9 अगस्त को भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर, नोएडा में होने जा रही है। बैठक में देशभर से प्रचार एवं अभिलेखागार विभाग के दायित्ववान कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।
बैठक में विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रचार एवं अभिलेखागार विभाग के कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रचार विभाग की ओर से मुकुटेश्वर गोस्वामी (प्रचार संयोजक, उत्तर असम), संजीव डेका (सोशल मीडिया प्रमुख, उत्तर असम), विवेक तिवारी (प्रचार संयोजक, मेघालय एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रतिनिधि) तथा कुणालजीत देव (प्रचार संयोजक, दक्षिण असम) सहभागिता करेंगे।
अभिलेखागार विभाग की ओर से भूषण गोस्वामी (अभिलेखागार संयोजक, पूर्वोत्तर क्षेत्र), मेघांजन चक्रवर्ती (अभिलेखागार संयोजक, दक्षिण असम) तथा परमेश्वर राभा (अभिलेखागार संयोजक, मेघालय) बैठक में भाग लेंगे।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय बैठक में प्रचार कार्य को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने, सोशल मीडिया के सशक्त एवं रचनात्मक उपयोग, संगठन के कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार, अभिलेखों के व्यवस्थित संकलन एवं संरक्षण तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही देश के विभिन्न प्रांतों से आए कार्यकर्ताओं के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान एवं मार्गदर्शन भी होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

