चुनाव 26: अजमल के विवादित बयान पर असम में तीखी प्रतिक्रिया
गुवाहाटी, 27 मार्च (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल के एक कथित विवादित बयान को लेकर असम में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। “मियां मुख्यमंत्री की कमर तोड़ देगा” जैसी टिप्पणी ने जनमानस में आक्रोश पैदा कर दिया है और राजनीतिक हलकों में भी इस पर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भी शुक्रवार को बिहपुरिया में एक चुनावी कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए अजमल के बयान पर पलटवार करते हुए कड़ी कार्रवाई जारी रहने क संदेश दिया। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे उकसाने वाला और सामाजिक सौहार्द के लिए हानिकारक बताया। लोगों का कहना है कि इस तरह की भाषा राज्य के शांतिपूर्ण माहौल को प्रभावित कर सकती है और जिम्मेदार राजनीति के खिलाफ है।
इस बीच, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के रुख का हवाला देते हुए कई लोगों ने कहा कि असम किसी एक समुदाय के दबाव में नहीं, बल्कि कानून और सुशासन के आधार पर चलता है।
आलोचकों ने अजमल पर साम्प्रदायिक मुद्दों को बढ़ावा देकर राजनीति करने का आरोप भी लगाया और कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी का राज्य की राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
आगामी चुनावों से पहले इस बयान ने राज्य की राजनीति को और गरमा दिया है, वहीं जिम्मेदार और संयमित राजनीतिक संवाद की मांग भी तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

