नगांव उपचुनाव: बदरुद्दीन अजमल ने हिमंत और देवाशीष शर्मा पर साधा निशाना
गुवाहाटी, 24 सितंबर (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख और नगांव लोकसभा उपचुनाव के उम्मीदवार बदरुद्दीन अजमल ने बुधवार को धिंग विधानसभा क्षेत्र के शांतिजन बाजार में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा और भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा पर तीखा हमला बोला।
मियां समुदाय की “रीढ़ तोड़ने” संबंधी सरमा की कथित टिप्पणी का जिक्र करते हुए अजमल ने कहा, “हिमंत का वजन 80 किलो है, जबकि मेरा वजन 100 किलो है। अगर मैं उन पर चढ़ जाऊं तो उनकी रीढ़ वैसे ही टूट जाएगी।” उन्होंने कहा कि इसके बावजूद मुख्यमंत्री मियां समुदाय की रीढ़ तोड़ने की बात करते हैं।
अजमल ने आरोप लगाया कि सरमा ने मियां समुदाय के लोगों को बांग्लादेशी बताया था और उन्हें पाकिस्तानी कहा था। उन्होंने भाजपा के नगांव उम्मीदवार देवाशीष शर्मा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर शर्मा सांसद बनते हैं तो संसद में गाने बजाएंगे। अजमल ने उनके खिलाफ थप्पड़ मारने और बाहर फेंकने संबंधी आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।
नगांव लोकसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। मुकाबले में भाजपा ने पूर्व नगांव आयुक्त देवाशीष शर्मा को, कांग्रेस ने पूर्व बटद्रवा विधायक शिवामोनी बोरा को और एआईयूडीएफ ने बदरुद्दीन अजमल को उम्मीदवार बनाया है। तीनों उम्मीदवारों ने 16 सितंबर को नामांकन दाखिल किया था।
यह सीट पूर्व कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै के लोकसभा से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। 2026 के असम विधानसभा चुनाव में बरदलै ने दिसपुर विधानसभा सीट से भाजपा की टिकट पर चुनाव जीत लिया।
उधर, भाजपा विधायक रूपक शर्मा ने देवाशीष शर्मा के साथ नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में कई चुनावी सभाओं में हिस्सा लिया। भाजपा नेताओं ने इन सभाओं में आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यक समुदाय से किए विकास के वादों को पूरा नहीं किया।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि विकास के मुद्दे को देखते हुए अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं का रुझान उनकी ओर बढ़ रहा है। पार्टी ने यह भी दावा किया कि चुनावी सभाओं के दौरान कांग्रेस के कई सौ कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। नगांव उपचुनाव को लेकर विभिन्न दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है और वरिष्ठ नेता लगातार क्षेत्र में सभाएं कर रहे हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

