नगांव में कांग्रेस का सफाया हो जाएगा, एआईयूडीएफ के पांच विधायक जीतेंगे : बदरुद्दीन अजमल
गुवाहाटी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने दावा किया है कि असम के नगांव जिले में कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में जिले से एआईयूडीएफ के पांच विधायकों के निर्वाचित होने का दावा भी किया।
अजमल ने कहा कि नगांव में कांग्रेस शून्य हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि नगांव से कांग्रेस का सफाया हो रहा है और आने वाले समय में पार्टी की स्थिति और कमजोर होगी।
एआईयूडीएफ प्रमुख ने आगामी चुनाव में नगांव से अपनी पार्टी के पांच विधायकों के निर्वाचित होने की उम्मीद जताई। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि नगांव से एआईयूडीएफ का एक सांसद भी निर्वाचित होगा।
अजमल इन दिनों विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में धन्यवाद यात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वह कांग्रेस पर लगातार निशाना साध रहे हैं और पार्टी की राजनीतिक स्थिति की आलोचना कर रहे हैं।
उनके इन बयानों को नगांव जिले में एआईयूडीएफ की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने और आगामी चुनावों से पहले पार्टी के जनाधार को बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

