गौरव गोगोई पर बरसे बदरुद्दीन अजमल, बोले- ‘बहुत ही घटिया सोच के व्यक्ति हैं’
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। आल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “फालतू आदमी” और “बड़े बाप का बेटा” बताया। अजमल ने कहा कि गौरव गोगोई की सोच बेहद नीची है और वह “सांप्रदायिक व्यक्ति” हैं।
अजमल ने कहा कि गौरव गोगोई काला चश्मा पहनकर चल रहे हैं और इस बात से डरे हुए हैं कि अजमल जोरहाट से चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, “मैं बाघ हूं। मैं अपना राज छोड़कर ऊपरी असम में चुनाव लड़ने नहीं जाऊंगा।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अजमल ने कहा कि यदि रकीबुल हुसैन कांग्रेस के अध्यक्ष बने होते तो पार्टी की स्थिति बेहतर होती।
नगांव लोकसभा सीट को लेकर अजमल ने दावा किया कि वहां एआईयूडीएफ के उम्मीदवार की “100 प्रतिशत” जीत होगी। उन्होंने कहा कि नगांव लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस की मदद नहीं करेगी, क्योंकि कांग्रेस ने पहले एआईयूडीएफ के साथ “गद्दारी” की है।
ऊपरी असम में महिलाओं द्वारा उनके पैर छूकर अभिवादन किए जाने पर भी अजमल ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पैर छूकर सम्मान करना उनकी सभ्यता और संस्कृति का हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगले दिन से उन्होंने लोगों से पैर नहीं छूने को कहा। अजमल ने कहा कि उन्होंने अपनी गाड़ी से उतरना भी बंद कर दिया, ताकि कोई उनके पैर न छू सके।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

