अरुणोदय 3.0 महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय सशक्तिकरण का सफल मॉडल : अजंता नेओग
गुवाहाटी, 01 अगस्त (हि.स.)। असम सरकार की महिला एवं बाल विकास, पर्यटन मंत्री तथा कामरूप जिले की संरक्षक मंत्री अजंता नेओग ने शनिवार को कामरूप जिले के सुआलकुची विकास खंड अंतर्गत 82 नंबर बोंगशर गांव पंचायत में आयोजित अरुणोदय 3.0 के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम गुवाहाटी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा राज्य स्तरीय शुभारंभ के साथ राज्यभर के 3,500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नेओग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से मजबूत असम के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अरुणोदय 3.0 महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय सशक्तिकरण का एक सफल मॉडल बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि इस योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2026-27 के राज्य बजट के प्रथम आवंटन से ही पात्र लाभार्थी महिलाओं को बढ़ी हुई वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो गई है।
मंत्री ने कहा कि महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। साथ ही, माइक्रोफाइनेंस ऋणों से उत्पन्न समस्याओं को ध्यान में रखते हुए योजना के तहत छोटे ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि लाभार्थी कर्ज के बोझ से बच सकें।
उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित शिवसागर, चराईदेव, गोलाघाट और जोरहाट जिलों के अरुणोदय लाभार्थियों को विशेष सहायता के रूप में 2,500 रुपये प्रदान किए गए हैं।
कार्यक्रम में हाजो-सुआलकुची के विधायक प्रकाश चंद्र दास, कामरूप के जिला आयुक्त देब कुमार मिश्र, जिला परिषद के प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इससे पहले मंत्री ने कामरूप जिले के सुआलकुची आईसीडीएस परियोजना के अंतर्गत 15 नंबर पूब फुलबारी पहाड़ आंगनवाड़ी केंद्र का भी उद्घाटन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

