गुवाहाटी में जलजमाव पर सरकार पर बरसे एआईयूडीएफ विधायक
गुवाहाटी, 20 अप्रैल (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के विधायक रफिकुल इस्लाम ने सोमवार को गुवाहाटी में बार-बार हो रही जलजमाव की समस्या को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भारी बारिश के बाद उत्पन्न स्थिति पर आज प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में थोड़ी सी बारिश भी आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर देती है।
उन्होंने कहा कि कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो जाने के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है, जिसके चलते स्कूलों को बंद करना पड़ता है। कुछ स्थानों पर पानी के तेज बहाव में वाहनों के बह जाने और एक युवती की मौत होने की भी खबरें सामने आई हैं। गुवाहाटी की इस स्थिति को उन्होंने बेहद चिंताजनक बताया।
रफीकुल इस्लाम ने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई वैज्ञानिक योजना नहीं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने कई बार आश्वासन दिए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। विधायक ने प्रशासन से इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

