नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है एआईयूडीएफ : बदरुद्दीन अजमल
गुवाहाटी, 06 जुलाई (हि.स.)। एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि एआईयूडीएफ लोकसभा में नगांव का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने में सक्षम एक मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। विधायक अजमल आज असम विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही में शामिल होने के बाद सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अजमल ने यह भी संकेत दिया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो उनके पुत्र को भी नगांव लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उचित समय पर पार्टी स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।
एआईयूडीएफ को भाजपा की 'बी-टीम' बताए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए अजमल ने कहा कि वास्तव में कांग्रेस ही भाजपा की 'बी-टीम' बन चुकी है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब पार्टी में नए-नए स्क्रिप्ट राइटर आ गए हैं, इसलिए उसके डायलॉग समय-समय पर बदलते रहते हैं।
विपक्षी एकता पर टिप्पणी करते हुए अजमल ने अखिल गोगोई से कहा कि विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश में परेशान होने के बजाय एआईयूडीएफ के साथ आ जाएं। उन्होंने दावा किया कि यदि अखिल गोगोई की राइजर दल एआईयूडीएफ के साथ होती तो पार्टी लगभग आठ विधानसभा सीटें जीत सकती थी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

