कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की, 2029 के लोकसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराने पर जोर
गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव एवं असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी मनोज चौहान ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और 2029 के लोकसभा चुनाव सहित आगामी विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराने पर जोर दिया।
गुवाहाटी के राजीव भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौहान ने चुनावी अनियमितताओं का आरोप लगाया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि देशभर में लगभग 13.3 करोड़ मतदाताओं के नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान असम में 26 नवंबर तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से एक नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें 10 लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं दूसरी ओर आज कांग्रेस के देशव्यापी 'वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान पर चर्चा करने के लिए ऐतिहासिक तेजपुर में भी एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित की गई। जिसमें असम प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) के मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदाब्रत बोरा ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोग, साथ ही विभिन्न राजनीतिक दल और संगठन, अब एक ऐसे चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे हैं, जिसे उन्होंने 'तानाशाही' करार दिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

