home page

45 हजार से अधिक महिलाओं को एमएमयूए योजना के चेक वितरित, महिला सशक्तिकरण से मजबूत होगा असम: पीयूष

 | 
45 हजार से अधिक महिलाओं को एमएमयूए योजना के चेक वितरित, महिला सशक्तिकरण से मजबूत होगा असम: पीयूष


नगांव (असम), 21 जुलाई (हि.स.)। असम के कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने मंगलवार को नगांव जिले के रूपहीहाट और सामागुड़ी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित दो बड़े जनसभाओं में मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान (एमएमयूए) के तहत 45,498 महिलाओं को 10-10 हजार रुपये के चेक वितरित किए। रूपहीहाट में 19,840 तथा सामगुड़ी में 25,658 महिला लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिला।

इस अवसर पर मंत्री हजारिका ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की परिकल्पना वाली यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि एमएमयूए, निजुत मोइना और अरुणोदय जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का मार्ग दिया है।

मंत्री ने लाभार्थी महिलाओं से अपील की कि वे 10 हजार रुपये की प्रारंभिक सहायता राशि का सही उपयोग कर अपने छोटे व्यवसाय स्थापित करें, ताकि योजना की अगली किश्तों में 25 हजार और 50 हजार रुपये प्राप्त करने की पात्रता हासिल कर सकें।

उन्होंने कहा कि दुनिया के विकसित देशों में महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी अधिक है और असम की महिलाओं को भी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

नगांव संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास पर बल देते हुए मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए जनता का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से योग्य जनप्रतिनिधियों का चुनाव करने का भी आह्वान किया, ताकि सरकारी योजनाओं का अधिकतम् लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

कार्यक्रमों में बरहमपुर के विधायक जीतू गोस्वामी, नगांव के जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश