धेमाजी में असम गण परिषद का 42वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, असम के हितों की रक्षा पर जोर
धेमाजी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। असम गण परिषद (अगप) का 42वां केंद्रीय स्थापना दिवस बुधवार को असम के धेमाजी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में शामिल वक्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि असम और असमिया समुदाय के हितों की रक्षा तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए गठबंधन की एकजुटता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अगप की यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राज्य के कैबिनेट मंत्री एवं अगप अध्यक्ष अतुल बोरा, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत, डॉ. रनोज पेगू, सांसद प्रदान बरुवा, फणीभूषण चौधरी तथा विधायक जीवन गोगोई, भुवन पेगू, दीपक दास और धर्मेश्वर राय उपस्थित थे।
इसके अलावा अगप के प्रदेश उपाध्यक्ष अपूर्व भट्टाचार्य सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्थापना दिवस समारोह का आयोजन धेमाजी के दिलीप सैकिया समन्वय क्षेत्र स्थित कचहरी मैदान में किया गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

