सुलभ और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में असम का बड़ा कदम : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 16 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राज्य में आम लोगों को सुलभ और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के तहत मंगलवार का दिन ऊर्जा क्षेत्र के लिए विशेष महत्व का रहा। उन्होंने मंगलदै और तेजपुर में पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस (पीएनजी) आपूर्ति तथा औद्योगिक पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस आपूर्ति परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और अन्य कारणों से ऊर्जा क्षेत्र चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में डबल इंजन सरकार राज्य के नागरिकों के लिए ऊर्जा सुरक्षा और सस्ती ऊर्जा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि असम में पीएनजी और सीएनजी अवसंरचना का विस्तार प्राकृतिक गैस आधारित अर्थव्यवस्था, स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि दिन के प्रथम चरण में राज्य की ऊर्जा अवसंरचना को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एपीडीसीएल के कार्यों तथा ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार असम में ऊर्जा क्षेत्र के व्यापक विकास और आधुनिक अवसंरचना निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है।
पीएनजी सेवा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में असम सरकार के मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, असम सरकार के मुख्य सचिव समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

