एएफडीसी घोटाला मामले में तीन आरोपित फिर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 10 जून, (हि.स.)। असम के सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन) ने असम फिशरी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एएफडीसी) लिमिटेड से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को एक अन्य मामले में पुनः गिरफ्तार किया है।
निदेशालय द्वारा आज जारी बयान के अनुसार, पद्मकांत हजारिका, जो एएफडीसी लिमिटेड में तत्कालीन ओएसडी-सह-प्रोजेक्ट डायरेक्टर थे, को 30 मई 2026 को एसीबी थाना कांड संख्या 30/2023 के तहत गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जांच चल रही है। इससे पहले 26 मई 2026 को एएफडीसी के आठ अन्य अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया गया था।
वहीं, बुधवार को जांच अधिकारी ने पद्मकांत हजारिका, बिरिंची अधिकारी और ज्योतिष सैकिया को दिसपुर थाना कांड संख्या 298/2022 के सिलसिले में पुनः गिरफ्तार किया। इस मामले में आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और सरकारी धन के दुरुपयोग से संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि असम सरकार के आदेश पर सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय उक्त दिसपुर थाना मामले की भी जांच कर रहा है।
गिरफ्तार तीनों आरोपितों को बुधवार शाम न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। यह आदेश 10 जून 2026 को शाम 5:45 बजे पारित किया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

