गेगम लोलेन के लिए न्याय की मांग, अधिवक्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
इटानगर, 02 अप्रैल (हि.स.)। अरूणाचल प्रदेश के गौहाटी उच्च न्यायालय के इटानगर स्थायी बेंच के बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता गेगम लोलेन पर हाल ही में हुए जानलेवा हमले के विरोध में आज इटानगर में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला।
सैकड़ों अधिवक्ताओं ने गेगम लोलेन के लिए न्याय और वकीलों के खिलाफ हिंसा के नारे वाले बैनर और पोस्टर लेकर आज सुबह मिथुन गेट से जुलूस निकाला और आईजी पार्क, इटानगर स्थित टेनिस कोर्ट पर समाप्त किया। इस जुलूस में पेशेवर पोशाक पहने अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
बार एसोसिएशन ने अरुणाचल प्रदेश में वकील संरक्षण अधिनियम को तत्काल लागू करने की अपनी मांग को दोहराया।
बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दुगे सोकी ने कहा कि 31 मार्च की सुबह तड़के नाहरलागुन स्थित गेगम लोलेन के आवासीय आवास-सह-चैंबर पर लिखा आकाश के नेतृत्व में तीन व्यक्तियों ने हमला किया था। एक अधिवक्ता पर हमला कानूनी बिरादरी के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस गंभीर मुद्दे को देखते हुए हमने एकजुटता दिखाने और समर्थन जुटाने के लिए यह रैली निकाली। उन्होंने कहा, अब तक तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही जारी है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पूरे राज्य में संबंधित जिलों के अधिवक्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

