home page

रंगिया में एडीआरई परीक्षा के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू, डेढ़ सौ से अधिक विद्यार्थी ले रहे हिस्सा

 | 
रंगिया में एडीआरई परीक्षा के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू, डेढ़ सौ से अधिक विद्यार्थी ले रहे हिस्सा


गुवाहाटी, 2 नवंबर (हि.स.)। असम के रंगिया में एडीआरई परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक महीने का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। रंगिया सम-जिला प्रशासन और उत्तर-पूर्व रंगिया जनकल्याण संघ की पहल पर कामरूप जिला पत्रकार संघ तथा डीए ग्रुप, रंगिया के सहयोग से बरदल में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन रंगिया के सम-जिला आयुक्त नवजीत पाठक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर कामरूप के जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मिश्र ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने और इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाकर परीक्षा की बेहतर तैयारी करने की सलाह दी।

वहीं, सम-जिला आयुक्त नवजीत पाठक ने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय बर्बाद करने से बचने और सूचना प्रौद्योगिकी का सकारात्मक उपयोग करते हुए लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सकारात्मक सोच और नियमित अध्ययन से विद्यार्थी परीक्षा में सफलता हासिल कर सकेंगे।

कामरूप जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रकाश डेका ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध और व्यवस्थित अध्ययन जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

इस मौके पर गुवाहाटी स्थित तक्षशिला स्कूल ऑफ सिविल सर्विस के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने अध्ययन और पढ़ाई की प्रभावी तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान के प्रबंधक संतोष कुमार सिंह, पार्षद उपासना गोगोई और प्रशिक्षक बिजित ढेकियाला ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

जनकल्याण संघ के अध्यक्ष नवज्योति दास की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव मिथुन नाथ ने किया। एक महीने तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के डेढ़ सौ से अधिक विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश