आदिवासी छात्र संगठन ने अध्यक्ष और सचिव को पद से हटाया, राजनीतिक पक्षपात का आरोप
गुवाहाटी, 24 मार्च (हि.स.)। आदिवासी छात्र संगठन (एएसए) ने अपने अध्यक्ष और सचिव को पद से हटा दिया है। दोनों नेताओं पर आरोप है कि उन्होंने अपनी व्यक्तिगत मर्जी से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का समर्थन कर आदिवासी समाज को गुमराह करने की कोशिश की है।
यह निर्णय संगठन की केंद्रीय कार्यकारिणी की आपात बैठक में लिया गया, जहां सदस्यों ने दोनों नेताओं के एकतरफा राजनीतिक रुख पर कड़ी आपत्ति जताई। कार्यकारिणी ने कहा कि बिना संगठनात्मक सहमति के लिया गया यह फैसला समुदाय के हितों के खिलाफ था।
बैठक में दोनों पदों पर नई नियुक्ति भी की गई। डेविड तिर्की को संगठन का नया अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूरन गंजु को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन ने कहा कि यह कदम संगठन की गरिमा बनाए रखने और आदिवासी समाज के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

