home page

असम में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता : ऑयल मार्केटिंग कंपनियां

 | 
असम में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता : ऑयल मार्केटिंग कंपनियां


गुवाहाटी, 22 मई, (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने असम में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता होने का आश्वासन दिया है। कंपनियों ने कहा कि राज्य में ईंधन आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह स्थिर और पर्याप्त है।

शुक्रवार को जारी संयुक्त बयान में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने कहा कि टर्मिनल, डिपो, पेट्रोल पंप तथा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप सहित पूरी आपूर्ति श्रृंखला बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से कार्य कर रही है।

कंपनियों के अनुसार राज्यभर में ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी स्थानों पर समय पर आपूर्ति एवं पुनर्भरण का कार्य जारी है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सामान्य रूप से ईंधन की खरीद जारी रखें और किसी प्रकार की घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करें। साथ ही, लोगों से केवल कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया गया है, ताकि ईंधन उपलब्धता को लेकर सही और प्रमाणित जानकारी प्राप्त हो सके।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश