ग्रेनेड के साथ उग्रवादी गिरफ्तार, दो एनएससीएन (आईएम) उगाहीकर्ता भी पकड़े गये
इंफाल, 05 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय उग्रवादी तथा एनएससीएन (आईएम) के दो संदिग्ध उगाहीकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी मात्रा में शराब भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, 04 अगस्त को इंफाल पश्चिम जिले के थांगमेइबंद खुइयाथोंग पोलेम लेइकाई क्षेत्र से काकचिंग जिले के लांगमेइदोंग मामांग लेइकाई निवासी थोकचोम संजू मेइती उर्फ लुवांग (26) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, वह इंफाल क्षेत्र में ग्रेनेड लगाने की घटनाओं में शामिल था।
एक अन्य अभियान में तामेंगलोंग जिले के कैमाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर स्थित सिबिलोंग से एनएससीएन (आईएम) के दो संदिग्ध उगाहीकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान गाइसुआकलुंग न्गाओमेई (45) और जॉब गंगमेई (29) के रूप में हुई है। उनके पास से एक जिंदा कारतूस, 22,000 रुपये नकद तथा चार्जर सहित दो बाओफेंग संचार सेट बरामद किए गए।
इसी दौरान, इंफाल पश्चिम जिले के पटसोई थाना क्षेत्र के पटसोई लामखाई और खुंबोंग बाजार में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 310 लीटर डीआईसी शराब भी जब्त की। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

