गैर-कानूनी तरीके से चलाई जा रही फार्मेसियों के खिलाफ होगी कारवाई- मंत्री
इटानगर, 27 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बियूराम वाहगे ने राज्य भर में कथित तौर पर बिना मंज़ूरी के चलाई जा रही फार्मेसियों (दवा की दुकानों) के मामले पर चर्चा करते हुए कारवाई करने और इसका समाधान निकालने की बात कही। उनका यह बयान आज 'अरुणाचल अनएम्प्लॉयड रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट एसोसिएशन' के साथ हुई बैठक के बाद सामने आया।
'अरुणाचल अनएम्प्लॉयड रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि कई फार्मेसियां (दवा की दुकानें) फार्मेसी से जुड़े नियमों का उल्लंघन करते हुए गैर-कानूनी तरीके से चलाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि एक फार्मेसी लाइसेंस पर केवल एक ही फार्मेसी (दुकान) चलाई जा सकती है, लेकिन अरुणाचल प्रदेश में एक ही लाइसेंस से एक से ज़्यादा मेडिकल स्टोर चलाए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान सरकार ने उन्हे भरोसा दिलाया कि अरुणाचल प्रदेश सरकार इस मामले को सुलझाने के साथ-साथ भर्ती और रेगुलेटरी (नियमन) से जुड़े मुद्दों पर ज़रूरी कदम उठाएगी।
बैठक में एसोसिएशन ने सरकार से यह भी आग्रह किया कि वह गैर-कानूनी फार्मेसियों के खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई करे और मौजूदा नियमों का पालन सुनिश्चित करे, ताकि लोगों की सेहत की सुरक्षा हो सके और रजिस्टर्ड फार्मासिस्टों के लिए रोज़गार के निष्पक्ष अवसर पैदा किए जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

