(अपडेट) पुलिस कस्टडी से भाग रहा ड्रग्स माफिया मुठभेड़ में घायल
शिवसागर (असम), 22 सितम्बर (हि.स.)। ड्रग्स माफिया के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शिवसागर पुलिस की गोली से आरोपित रुबुल खान घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, रुबुल खान को दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए शिवसागर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रुबुल खान कथित ड्रग्स कारोबारी विकी सिंह का सहयोगी बताया जा रहा है। बीते 18 सितंबर को विमान बरुवा नामक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के मामले में विकी सिंह पर आरोप है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के दौरान रुबुल खान भी उसके साथ मौजूद था।
इससे पहले 19 सितंबर को बिहुबर पुलिस की कार्रवाई के दौरान विकी सिंह भी गोली लगने से घायल हुआ था। पुलिस के अनुसार, हिरासत से भागने का प्रयास करते समय उसने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार होने की कोशिश की थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके पैर पर गोली चलाई थी।
ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बिहुबर क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने भी विरोध प्रदर्शन किया था। इसी बीच मंगलवार तड़के पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करने के दौरान रुबुल खान को पुलिस की गोली लगी। घटना के बाद उसे तत्काल शिवसागर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

