माल परिवहन सेवाओं में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की बड़ी उपलब्धि, जून में 1,025 रेक की अनलोडिंग
गुवाहाटी, 11 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने जून 2026 के दौरान माल परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पूरे जोन में कुल 1,025 माल रेक की अनलोडिंग की। रेलवे ने अनाज, खाद्यान्न, उर्वरक, कोयला, चीनी, नमक, टैंक वैगन सहित विभिन्न आवश्यक एवं औद्योगिक सामग्रियों का समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित कर क्षेत्रीय आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को बताया कि जून माह में रेलवे ने आवश्यक एवं औद्योगिक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए विभिन्न गुड्स शेडों तक माल की सफलतापूर्वक ढुलाई और अनलोडिंग की। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली, औद्योगिक इकाइयों तथा दैनिक उपभोग की वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
उन्होंने बताया कि माल परिवहन का बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर राज्यों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए था। असम में सर्वाधिक 589 माल रेक की अनलोडिंग की गई, जिनमें 272 रेक अति आवश्यक तथा 317 रेक आवश्यक सामग्रियों से संबंधित थे। यह राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, औद्योगिक गतिविधियों और आम उपभोक्ताओं की जरूरतों की पूर्ति में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
सीपीआरओ के अनुसार, इसी अवधि में त्रिपुरा में 68 रेक, नगालैंड में 22 रेक, मणिपुर में 20 रेक, अरुणाचल प्रदेश में 8 रेक तथा मिजोरम में 5 रेक की अनलोडिंग की गई। इन राज्यों में आवश्यक वस्तुओं की नियमित आपूर्ति बनाए रखने में रेलवे की माल परिवहन सेवाओं ने अहम योगदान दिया।
पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा पश्चिम बंगाल में 184 माल रेक तथा बिहार में 129 माल रेक की अनलोडिंग दर्ज की गई। इनमें आवश्यक एवं अति आवश्यक दोनों प्रकार की सामग्रियां शामिल थीं। रेलवे के अनुसार, इससे पूरे क्षेत्र में आपूर्ति श्रृंखला, व्यापारिक संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति मिली।
कपिंजल किशोर शर्मा ने कहा कि लोगों की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आवाजाही अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्तर पर प्रभावी निगरानी, बेहतर समन्वय और सुव्यवस्थित परिचालन के कारण मालगाड़ियों के टर्नअराउंड समय में कमी आई है, जिससे अनलोडिंग क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
सीपीआरओ ने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे आगे भी आधुनिक परिचालन व्यवस्था और प्रभावी लॉजिस्टिक प्रबंधन के माध्यम से क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए माल परिवहन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखेगा।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

