काजीरंगा में चलती गाड़ी के अंदर रिवॉल्वर से अचानक चली गोली, पुलिस निरीक्षक गंभीर रूप से घायल
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम के काजीरंगा में मंगलवार को एक चलती गाड़ी के अंदर सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चलने की घटना में बोकाखात यातायात पुलिस के निरीक्षक प्रवीण कलिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना काजीरंगा के दुर्गापुर इलाके में हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस निरीक्षक के सहयोगी जयंत बुढ़ागोहाईं चलती गाड़ी के भीतर सर्विस रिवॉल्वर को अनलॉक कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ से अचानक गोली चल गई।
गोली प्रवीण कलिता के बाएं हाथ में लगी और गाड़ी के सामने के शीशे को भेदते हुए बाहर निकल गई। घटना के बाद गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घायल निरीक्षक को तत्काल उपचार के लिए काजीरंगा के कोहरा स्थित शहीद बेजा वैष्णव आदर्श चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सर्विस रिवॉल्वर को अनलॉक करते समय दुर्घटनावश गोली चलने की बात सामने आई है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

