home page

आपसू ने तारासो गोलीबारी घटना को लेकर गृह मंत्री से की मुलाकात

 | 

इटानगर, 25 जुलाई (हि.स.)। ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन (आपसू) ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह असम सरकार से बातचीत करके अरुणाचल प्रदेश-असम सीमा के तारासो इलाके से तैनात वन और पुलिस कर्मियों को हटाने के लिए कहे।

शुक्रवार को असम-अरुणाचल सीमा विवाद और फायरिंग वाली जगह का दौरा करने के बाद, आपसू के अध्यक्ष मेजे टाकू और उनकी टीम ने गृह मंत्री मामा नाटुंग और शहरी विकास मंत्री व पापुम पारे क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष बालो राजा के साथ तारासो में असम वन विभाग की फायरिंग की हालिया घटना पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की।

बैठक के दौरान, आपसू ने जोर दिया कि असम-अरुणाचल सीमा मुद्दे पर कोई भी बातचीत स्थानीय लोगों की भागीदारी के साथ शांतिपूर्ण ढंग से होनी चाहिए। संगठन ने इलाके से असम वन विभाग के कर्मियों और पूलिस को इलाकों से हटाने की भी मांग की, ताकि ग्रामीण खेती का काम फिर से शुरू कर सकें और अपने मिथुन (पशु) की देखभाल कर सकें। इसके अलावा, आपसू ने स्थानीय विधायक और पंचायत नेताओं की देखरेख में 3 किलोमीटर का बफर ज़ोन बनाए रखने का प्रस्ताव रखा।

साथ ही, आपसू ने भरोसा दिलाया कि वे लंबे समय से चले आ रहे असम-अरुणाचल सीमा विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की कोशिश करेंगे और सरकार व जनता से अपील की कि सीमा के मामले को सुलझाने के लिए 'लेन-देन' की नीति अपनाई जानी चाहिए, नही तो मामला कभी नही सुलझ पायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी