आपसू ने प्रस्तावित अपने 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद को वापस लिया
इटानगर, 14 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश में नौकरी आरक्षण के 80:20 अनुपात से जुड़े तीन बिंदुओं पर हाई-पावर कमेटी की सिफारिशों को अरुणाचल प्रदेश कैबिनेट से मंज़ूरी मिलने के बाद, ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन (आपसू) ने 17 अगस्त को होने वाले अपने प्रस्तावित 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद को वापस ले लिया है।
शुक्रवार को अरुणाचल प्रेस क्लब में आपसू के अध्यक्ष मेजे टाकू ने कहा कि हाल ही में आपसू ने 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद की घोषणा की थी, अगर सरकार 15 अगस्त से पहले 80:20 नौकरी आरक्षण के मुद्दे को खत्म करने की हमारी मांग को पूरा नहीं करती है तो राज्यव्यापी 12 घंटे के बंद का आह्वान किया जाएगा। लेकिन 13 अगस्त को कैबिनेट ने इसे मंज़ूरी दे दी और हमारी मांग पूरी हो गई, इसलिए हमने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रद्द करने और अरुणाचल प्रदेश सर्विस कमीशनऔर अरुणाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड को भेजे गए अपने रोक वाले पत्र को भी वापस लेने का फैसला किया है।
मंत्री न्याटो डुकाम की अध्यक्षता वाली हाई-पावर कमेटी ने हमारी मांग के अनुसार एक ड्राफ्ट पेश किया, जिसमें नौकरी भर्ती परीक्षा में बैठने के लिए कुछ दस्तावेज़ अनिवार्य किए गए हैं - जैसे अरुणाचल प्रदेश अनुसूचित जनजाति प्रमाण-पत्र और स्थानीय आदिवासी भाषा का ज्ञान। राज्य कैबिनेट ने 80:20 जॉब रिज़र्वेशन को खत्म करते हुए इसे मंज़ूरी दे दी।
कैबिनेट के फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इससे न केवल स्थानीय युवाओं को नौकरी पाने में मदद मिलेगी, बल्कि यह मातृभाषा के संरक्षण में भी मदद करेगा क्योंकि उम्मीदवारों को अपनी बोली सीखनी होगी।
उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन और अरुणाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड से भी आग्रह किया कि वे आने वाली सभी परीक्षाओं के लिए नौकरी भर्ती के नए दिशा-निर्देशों को लागू करें; अगर वे ऐसा करने में विफल रहते हैं, तो उन्हें किसी भी तरह की परीक्षा आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आपसू शिक्षा, रोज़गार और अरुणाचल प्रदेश के समग्र विकास से जुड़े व्यापक मुद्दों को उठाता रहा है। यूनियन ने कहा कि मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों को राज्य के विकास के मुद्दों को हल करने के लिए अधिक ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए और लोगों के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए।
अन्य चल रहे मुद्दों पर, यूनियन ने असम-अरुणाचल सीमा पर हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना और असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच आवाजाही को प्रभावित करने वाली आर्थिक नाकेबंदी पर चिंता जताई। आपसू ने कहा कि वह ज़मीनी स्थिति को समझने के लिए विवादित क्षेत्रों का दौरा करेगा और ज़ोर दिया कि सीमा मुद्दे की जांच उचित ऐतिहासिक जानकारी के साथ की जानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

