असम बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की आआपा की मांग
शिवसागर (असम), 19 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर असम की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और राज्य के लिए पर्याप्त वित्तीय पैकेज जारी करने की मांग की है।
शिवसागर में तीन दिवसीय बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिंह ने कहा कि बाढ़ से 10 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं तथा घरों, स्कूलों, सड़कों, फसलों और आजीविका को व्यापक नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को सीधे आर्थिक सहायता, फसल व आजीविका के नुकसान का उचित मुआवजा तथा बाढ़ राहत के लिए सांसद निधि के इस्तेमाल की अनुमति देने की मांग की। सिंह ने अवैध खनन और वनों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की।
आआपा के नॉर्थईस्ट प्रभारी राजेश शर्मा ने असम की सीमाओं पर अवैध कोयला, बालू और पत्थर परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

