थानादारपारा आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ आंगन मिलन मेला
-कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिए गए 1,000 रुपये के चेक
कोकराझार (असम), 11 अक्टूबर (हि.स.)। कोकराझार जिले के थानादारपारा आंगनबाड़ी केंद्र में आज आंगन मिलन मेला कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों और माताओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में बाओखुंगुरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपम चंद्र राय, कोकराझार जिला समाज कल्याण अधिकारी जिंटू फुकन तथा कोकराझार खंड की समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) अधिकारी गीतांजलि इस्लारी उपस्थित रहीं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक कार्यकर्ता एवं सहायिका को 1,000 रुपये का चेक वितरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर बाल विकास, पोषण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना है।
उल्लेखनीय है कि बच्चों और माताओं के समग्र विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

