(अपडेट) गुवाहाटी के कालिपुर में पेड़ गिरने से कॉलेज छात्रा की मौत
गुवाहाटी, 12 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के कालिपुर इलाके में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरलुमुख से पांडु कॉलेज की ओर जा रही एक स्कूटी (एएस-01बीएम-5232) पर भूतनाथ-कालिपुर इलाके में अचानक एक पुराना पेड़ गिर पड़ा।
इस दुर्घटना में स्कूटी सवार छात्र ज्योतिर्मय मोहन और छात्रा परिस्मिता हजारिका गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परिस्मिता हजारिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल ज्योतिर्मय मोहन का इलाज जारी है।
मृतका परिस्मिता हजारिका का घर असम के चराईदेव जिले के सोनारी में बताया गया है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वह गुवाहाटी में किराये के मकान में रह रही थीं। बताया गया है कि वह इग्नू के अंतर्गत स्नातकोत्तर परीक्षा में शामिल होने के लिए पांडु कॉलेज जा रही थीं।
इस अचानक हुए दुखद दुर्घटना से छात्र-छात्राओं के बीच शोक की लहर फैल गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेज दिया गया है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से कई जर्जर और जोखिमपूर्ण पेड़ खड़े हैं, लेकिन उन्हें हटाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इस हादसे के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

