home page

टैक्सी ड्राइवर की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 

इटानगर, 06 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले की पुलिस ने मंगलवार को एक टैक्सी ड्राइवर की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया है कि आरोपित की पहचान पेमा वांगचू के रूप में हुई है, जो जांग के डुंगसे का निवासी है। घटना की सूचना 4 मई की देर रात मिली थी, जिसके बाद उसे 5 मई की सुबह गिरफ्तार किया गया।

पीड़ित आकाश लामा (36), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले का मूल निवासी था और कई वर्षों से तवांग में रह रहा था। सूचना मिलने पर, तवांग के पुलिस उपाधीक्षक तासो काटो और तवांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी नियी अंगू के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम, पुलिस अधीक्षक तासी दरांग के मार्गदर्शन में अन्य कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान, नेहरू बाजार क्षेत्र से अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार, एक खंजर, जो कथित तौर पर पीड़ित का था, बरामद किया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपित और पीड़ित दोनों टैक्सी चालक थे और एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे। अधिकारियों ने बताया कि नेहरू मार्केट स्थित डाकघर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में घटना से पहले दोनों के बीच हुई कहासुनी कैद हुई है।

पुलिस ने बताया है कि तवांग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी