पांडु महाविद्यालय में छात्र एकता रैली का आयोजन
गुुवाहाटी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। पांडु महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को एक भव्य रैली का आयोजन किया। महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों की भागीदारी से यह रैली पांडु महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर पांडु क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई।
पांडु महाविद्यालय में बहुप्रतीक्षित कॉलेज सप्ताह का शुभारंभ रंगारंग और उत्सवपूर्ण कार्यक्रमों के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय ज्योति बोरा द्वारा कॉलेज ध्वज फहराने के साथ की गई। इसके पश्चात पीसीएसईयूएस के समग्र दायित्वप्राप्त अधिकारी डॉ. संतनु रॉय चौधुरी ने पीसीएसईयूएस का ध्वज फहराया।
इसके बाद प्राचार्य द्वारा कॉलेज सप्ताह का औपचारिक उद्घाटन किया गया, जिसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की शुरुआत हुई। उद्घाटन सत्र के पश्चात एक भव्य अंतर-विभागीय रैली आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के 22 विभागों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एकता, सृजनशीलता तथा टीम भावना का परिचय दिया।
इस रैली के निर्णायक के रूप में दो विशिष्ट शिक्षाविद नॉर्थ गुवाहाटी कॉलेज के भौतिकी विभाग के सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक डॉ. तपन कुमार शर्मा तथा हैंडिक गर्ल्स कॉलेज के अंग्रेज़ी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. परी हिलोइदारी उपस्थित थीं। दोनों निर्णायकों ने सभी विभागों की सराहनीय प्रस्तुतियों और प्रयासों की प्रशंसा की।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

