अलीपुरद्वार मंडल में 95वीं डीआरयूसीसी बैठक आयोजित
-यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं में सुधार पर हुई चर्चा
कोकराझार (असम), 30 जुलाई (हि.स.)। अलीपुरद्वार मंडल में मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की 95वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अलीपुरद्वार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) देवेंद्र सिंह ने की। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) एस. कामेई सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का संचालन डीआरयूसीस सचिव सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (वरिष्ठ डीसीएम) आसिफ अली ने किया। इस दौरान डीआरयूसीस के सदस्यों ने क्षेत्र में रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में नई ट्रेनों की शुरुआत, बंद सेवाओं को पुनः शुरू करने, ट्रेनों के विस्तार, महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव, कोचों की संख्या बढ़ाने और क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा पेयजल, आरक्षण काउंटर, रिटायरिंग रूम, स्वच्छता, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं और स्टेशन आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने पर भी सुझाव दिए गए।
डीआरयूसीस सदस्यों ने स्टेशन पुनर्विकास, प्लेटफॉर्म सुधार, लिफ्ट की सुविधा, संपर्क सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, आरओबी और आरयूबी निर्माण तथा पर्यटन को बढ़ावा देने वाली रेल कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दे भी उठाए। वहीं समयपालन, टिकट जांच, कोच अपग्रेडेशन और यात्री आरक्षण से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने डीआरयूसीस सदस्यों के सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों की संबंधित विभागों के साथ समीक्षा की जाएगी। मंडल के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मामलों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जबकि नीति स्तर या अंतर-मंडलीय मामलों को संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

