home page

बाढ़ पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे कुल नौ लाख रुपये

 | 
बाढ़ पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे कुल नौ लाख रुपये


गुवाहाटी, 29 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बीती रात फेसबुक लाइव के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण राहत उपायों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को कुल नौ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें चार लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से तथा पांच लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस सहायता के लिए पोस्टमार्टम की आवश्यकता नहीं होगी।

डॉ. सरमा ने बताया कि अब तक मुख्यमंत्री राहत कोष में उदार व्यक्तियों एवं संस्थाओं की ओर से 26 करोड़ 58 लाख रुपये का योगदान प्राप्त हुआ है।

बाढ़ से प्रभावित विद्यार्थियों को मार्कशीट और प्रमाणपत्र निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, प्रभावित विद्यालयों को स्कूल यूनिफॉर्म की खरीद के लिए पुनः धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का भी दोबारा वितरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के लिए विशेष वित्तीय सहायता की भी घोषणा की। इसके तहत उच्चतर माध्यमिक के विद्यार्थियों को 1,000 रुपये, स्नातक के विद्यार्थियों को 3,000 रुपये तथा स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों को 5,000 रुपये दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर, तालाब, हथकरघा और कृषि भूमि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई है, उन्हें भी सरकार की ओर से उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 15,000 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि 3 से 4 दिनों के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी।

इसके अलावा, शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों के अरुणोदय योजना के लाभार्थियों को इस बार 1,250 रुपये के स्थान पर 2,500 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि 3 अगस्त के बजाय 1 अगस्त को ही उनके खातों में जमा कर दी जाएगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश