home page

गुवाहाटी में 88 करोड़ की हेरोइन जब्त, पंजाब का कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

 | 
गुवाहाटी में 88 करोड़ की हेरोइन जब्त, पंजाब का कुख्यात तस्कर गिरफ्तार


गुवाहाटी, 14 अगस्त (हि.स.)। महानगर गुवाहाटी के छयमाइल-ससल इलाके में एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 88 करोड़ रुपये मूल्य की 10 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। इस मामले में पंजाब के कथित कुख्यात ड्रग तस्कर हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ अधिकारी कल्याण पाठक के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान ससल स्थित ओम रेजिडेंसी के एक फ्लैट की तलाशी ली गई, जहां से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, हेरोइन एक अलमारी के अंदर रखे लाल रंग के बैग से बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 88 करोड़ रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार हरदीप सिंह से पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की आपूर्ति कहां से हुई थी और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश