home page

असम में जनगणना के लिए 85 हजार गणनाकार अधिकारी नियुक्त

 | 
असम में जनगणना के लिए 85 हजार गणनाकार अधिकारी नियुक्त


गुवाहाटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। असम में आगामी जनगणना की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने जा रही है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, राज्यभर में 2 अगस्त से प्रारंभिक कार्य शुरू होंगे, जिसके बाद 17 अगस्त से गणनाकार अधिकारियों की टीमें घर-घर जाकर नागरिकों का डेटा संग्रह करेंगी।

इस व्यापक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए लगभग 85 हजार गणनाकार अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों को जून माह से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि डेटा संग्रह में सटीकता और एकरूपता सुनिश्चित की जा सके। पूरी लोकगणना प्रक्रिया 15 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।

लोकगणना को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने विभिन्न स्तरों पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार असम की कुल जनसंख्या लगभग 3.29 करोड़ थी, जिसमें मुस्लिम समुदाय की हिस्सेदारी करीब 34 प्रतिशत थी।

इस बीच, गणना कार्य में उपयोग किए जाने वाले सामग्रियों को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। गणनाकार अधिकारियों को नीले या काले स्याही वाले बॉलपेन का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आंकड़ों के संकलन में एक समान मानक बनाए रखा जा सके।

वहीं, सरकारी स्तर पर आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे लोकगणना के दौरान सहयोग करें, जिससे सटीक और पूर्ण जानकारी एकत्रित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश