गुवाहाटी के प्रत्येक वार्ड में बनेंगे पुस्तकालय, कुल 60 पुस्तकालयों की योजना
गुवाहाटी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को गुवाहाटीवासियों के लिए 60 नए पुस्तकालयों की स्थापना की योजना की आज जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि गुवाहाटी के प्रत्येक वार्ड में एक-एक पुस्तकालय स्थापित करने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, गुवाहाटी नगर निगम और भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त प्रयास से इन पुस्तकालयों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पुस्तकालय ज्ञानार्जन, चिंतन और रचनात्मक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित होंगे।
डॉ. सरमा ने कहा कि एक अच्छी पुस्तक और एक अच्छा पुस्तकालय समाज को अधिक जागरूक और ज्ञानवान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी के प्रत्येक वार्ड तक पुस्तकालय की सुविधा पहुंचाने की यह पहल विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

