home page

बिहाली में पुलिस के हत्थे चढ़ा गो-तस्करों का गिरोह, 59 मवेशी बरामद

 | 
बिहाली में पुलिस के हत्थे चढ़ा गो-तस्करों का गिरोह, 59 मवेशी बरामद


शोणितपुर (असम), 18 जून (हि.स.)। लगातार पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियों के बावजूद असम में अवैध गो-धन तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह बरगांग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 मवेशियों से भरे एक कंटेनर वाहन को जब्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बरगांग पुलिस चौकी के अंतर्गत सेंटर क्षेत्र के समीप पुलिस द्वारा नाका जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एएस-26एसी-0884 नंबर के 10 पहिया कंटेनर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन के भीतर 59 मवेशी अत्यंत अमानवीय और कष्टदायक परिस्थितियों में ठूंसकर ले जाए जाते पाए गए। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि मवेशियों को गोगामुख से नगांव की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। चालक किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहा।

इसके बाद पुलिस ने वाहन और मवेशियों को जब्त कर बिहाली थाना ले गई। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से बिहाली पुलिस अवैध गो-धन तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस दौरान कई मवेशी लदे वाहनों को जब्त किया गया है और अनेक आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके बावजूद गो-तस्करी से जुड़े गिरोहों की गतिविधियां जारी रहने से पुलिस की चिंता बढ़ी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश