home page

कामाख्या रेलवे स्टेशन पर 57 संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार, श्रीनगर से असम पहुंचने की जांच

 | 
कामाख्या रेलवे स्टेशन पर 57 संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार, श्रीनगर से असम पहुंचने की जांच


गुवाहाटी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कामाख्या रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 57 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। इन सभी को ब्रह्मपुत्र मेल से पकड़ा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इनके जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से असम पहुंचने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियां इनके यात्रा मार्ग और असम आने के कारणों की जांच कर रही हैं।

पुलिस ने आज दूसरे दिन भी गिरफ्तार किये गए लोगों की पहचान और उनके पास से बरामद दस्तावेजों के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। उनकी राष्ट्रीयता की पुष्टि के लिए सत्यापन प्रक्रिया जारी है।

यह कार्रवाई असम में संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान करने और बिना वैध दस्तावेजों के कथित रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच हुई है।

इससे पहले, 08 अक्टूबर को गुवाहाटी की दिसपुर पुलिस ने चार संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। पुलिस उनकी पहचान, राष्ट्रीयता और शहर में पहुंचने के परिस्थितियों की जांच कर रही है।

वहीं, इससे पहले दो दिनों के दौरान अलग-अलग अभियानों में गुवाहाटी पुलिस ने 18 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा था। इनमें से पांच को पलटन बाजार रेलवे स्टेशन पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस में यात्रा करते समय गिरफ्तार किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस विंटेज होम होटल पहुंची, जहां कथित तौर पर इन पांच लोगों को ठहराया गया था। इस मामले में होटल मालिक, दो प्रबंधकों और एक कथित प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार किया गया।

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने शांति होटल से 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। उनके निष्कासन के लिए संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रक्रिया शुरू की गई।

कामाख्या रेलवे स्टेशन पर 57 लोगों की गिरफ्तारी को राज्य में जारी अभियान की एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि, उनकी राष्ट्रीयता की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश