home page

गौहाटी विश्वविद्यालय में चौथे प्राग्ज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ

 | 
गौहाटी विश्वविद्यालय में चौथे प्राग्ज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ


गौहाटी विश्वविद्यालय में चौथे प्राग्ज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ


गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। गौहाटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित फणीधर दत्त सभागार में शंकरदेव शिक्षा और अनुसंधान न्यास के तत्वावधान में.शुक्रवार को चौथे प्राग्ज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ हुआ। उत्सव के पहले दिन आयोजित उद्घाटन सत्र में जड़ों की तलाश में (शिपर संधानत) मुख्य विषय पर गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत ने व्याख्यान दिया। प्रोफेसर महंत ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि असमिया जाति की जड़ें एक वट वृक्ष के समान हैं; इन जड़ों की तलाश करने पर गुरुदेव शंकरदेव का दर्शन और चाउलुंग सुकाफा के 'वृहत्तर असम' के निर्माण की सोच देखने को मिलती है।

मनीषा शर्मा द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में नगालैंड विश्वविद्यालय के कुलाधिपति समुद्र गुप्त कश्यप ने जड़ों की तलाश करते हुए असम की कई ऐतिहासिक घटनाओं और परिघटनाओं का उल्लेख किया। साहित्य उत्सव के कार्यकारी अध्यक्ष सौम्यद्वीप दत्त ने स्वागत भाषण दिया। भाषण के क्रम में वरिष्ठ कवि वशिष्ठ बुजरबरुवा की अप्रतिरोध्य मैं शीर्षक कविता का पाठ किया गया। कार्यक्रम में डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर कंदर्प कुमार डेका ने उत्सव की स्मारिका प्राग्ज्योति का विमोचन किया। इस अवसर पर प्राग्ज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवब्रत खनिकर भी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में डॉ. देवाशीष सैकिया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

उद्घाटन सत्र के तुरंत बाद भारत के गौरवशाली इतिहास के अध्ययन की प्रासंगिकता विषय पर आयोजित सत्र में संसाधन व्यक्ति (रिसोर्स पर्सन) के रूप में डॉ. समुद्र गुप्त कश्यप, प्रोफेसर रीतामणि वैश्य, डॉ. अंकिता दत्ता और डॉ. भास्करज्योति शर्मा उपस्थित रहे। पहले दिन के अंत में 'काव्य कावेरी' कार्यक्रम में असम के 17 नए और पुराने कवियों ने अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर