गुवाहाटी में 47.38 किलोग्राम गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के हाथीगांव थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अरुणोदय पथ स्थित मिनी ताजमहल के पास छापेमारी कर 47.38 किलोग्राम गांजा जब्त किया और तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने पहले एक किराये के कमरे में तलाशी अभियान चलाया, जहां से बरपेटा निवासी असमीनुर मियां (24) और दरंग निवासी रुस्तम अली (56) को गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस अधिनियम के तहत सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद की गई तलाशी में 45.8 किलोग्राम गांजा तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बताया कि जब्त गांजा उन्हें गुवाहाटी के बेहरबाड़ी चारियाली फ्लाईओवर के पास दुकान चलाने वाले अख्तर अली ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अख्तर अली की दुकान पर भी तलाशी ली, जहां से 1.58 किलोग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद अख्तर अली को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई में कुल 47.38 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

