40 सीटों पर नए चेहरों को मिलेगा मौका, जोरहाट में मुख्यमंत्री की घोषणा
जोरहाट (असम), 25 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को जोरहाट में घोषणा करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में 40 सीटों पर नए चेहरों को प्रत्याशी बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में चुनाव बहाग बिहू से पहले कराए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया है कि चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया जाए, जिससे बहाग बिहू से पहले मतदान की प्रक्रिया पूरी हो सके और त्योहार के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अगली विधानसभा में कांग्रेस विपक्ष के नेता का दर्जा भी खो देगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता का दर्जा पाने के लिए कम से कम 22 सीटें आवश्यक हैं, जिसे कांग्रेस हासिल नहीं कर पाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस अपनी जीत की संभावनाओं वाली सीटें एजेपी और राइजर दल को देती है तो कांग्रेस विधानसभा में शून्य पर सिमट जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

