home page

असम-मेघालय सीमा पर 35.159 किलो संदिग्ध गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

 | 
असम-मेघालय सीमा पर 35.159 किलो संदिग्ध गांजा जब्त, एक गिरफ्तार


गुवाहाटी, 14 सितंबर (हि.स.)। विशेष सूचना के आधार पर असम-मेघालय सीमा पर डिगोरखाल चेक प्वाइंट पर आज एक वाहन को रोककर तलाशी लेने के दौरान 35.159 किलो संदिग्ध गांजा बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने नलबाड़ी निवासी अरूप कलिता को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों के अनुसार, पंजीकरण संख्या एएस 01 क्यूसी 4152 वाले वाहन को डिगोरखाल चेक प्वाइंट पर रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से संदिग्ध गांजा के 379 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 35 किलो 159 ग्राम बताया गया है। बरामद मादक पदार्थ को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध गांजा को कूरियर पार्सल के कार्टन के अंदर छिपाकर रखा गया था। कार्टन खोलने पर गांजा के पैकेट पॉलीथिन में पैक मिले, जो देखने में चाय के पैकेट जैसे प्रतीत हो रहे थे। मामले में गिरफ्तार अरूप कलिता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश