मिसिंग और सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद चुनाव: 35 उम्मीदवारों ने वापस लिए नामांकन, 291 प्रत्याशी मैदान में
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम में मिसिंग स्वायत्त परिषद और सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद के आगामी आम चुनावों में अब कुल 291 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। नामांकन वापस लेने की निर्धारित अवधि के दौरान दोनों परिषदों से कुल 35 उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इन दोनों स्वायत्त परिषदों के चुनाव 30 नवंबर को होंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद चुनाव में 11 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया है। इसके बाद अब कुल 119 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, डिब्रूगढ़ से 50, तिनसुकिया से 23, धेमाजी से 13, जोरहाट से 12, लखीमपुर से 10, गोलाघाट से सात और शिवसागर से चार उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव में 24 उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ली है। इसके बाद अब कुल 172 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें धेमाजी से सर्वाधिक 57, लखीमपुर से 38, माजुली से 22, गोलाघाट से 20, जोरहाट से आठ, बिश्वनाथ और शिवसागर से छह-छह, तिनसुकिया से छह, डिब्रूगढ़ से पांच तथा शोणितपुर से चार उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
दोनों स्वायत्त परिषदों के लिए 30 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो गई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

