home page

केमी नदी की बाढ़ में 300 मीटर लंबा लोहे का पुल बहा

 | 
केमी नदी की बाढ़ में 300 मीटर लंबा लोहे का पुल बहा


धेमाजी (असम), 28 जून (हि.स.)। असम के धेमाजी जिले में रविवार को आई भयावह बाढ़ ने केमी नदी पर बने लगभग 300 मीटर लंबे लोहे के पुल को पूरी तरह बहा दिया। पुल के ध्वस्त होने से केमी–पुराना जेलोम क्षेत्र का जोनाई सदर से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अरुणाचल प्रदेश से भारी मात्रा में पानी आने के कारण केमी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। सुबह करीब 11 बजे से नदी का बहाव तेज होना शुरू हुआ और लगभग 11:30 बजे तक उफनती धारा ने करीब एक वर्ष पहले बने इस लोहे के पुल को अपने साथ बहा लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण के समय ही उन्होंने मानसून में तेज बहाव वाली केमी नदी पर लोहे का पुल बनाने का विरोध किया था। उनका आग्रह था कि यहां स्थायी कंक्रीट का पुल बनाया जाए, लेकिन उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया।

पुल के बह जाने से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों और किसानों के सामने खड़ी हो गई है। केमी क्षेत्र के छात्र इसी पुल से होकर इलाके के एकमात्र विद्यालय तक पहुंचते थे। परीक्षाएं निकट होने और अगले कुछ दिनों तक जलस्तर ऊंचा रहने की संभावना के बीच उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

वहीं, खेती के व्यस्त मौसम में किसानों के लिए भी खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से पुल के पुनर्निर्माण या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश